नशीला इंजेक्शन और 792 लीटर नेपाली शराब बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर रोक लगाने को लेकर सुपौल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पिपरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 254 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन और 792 लीटर नेपाली शराब बरामद करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को पिपरा थाना क्षेत्र में वाहनों के माध्यम से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया माहे वार्ड नंबर-05 में नाकाबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के पास से कुल 246 एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन, एक मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा अवैध परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके द्वारा बताए गए दुकान के पते पर भी छापेमारी की। दुकान की तलाशी के दौरान कुल आठ एमएल प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन, चार निडिल सहित सिरिंज, दो पीस ‘Strivan/05 ML’ अंकित खाली रैपर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त करते हुए संबंधित व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया।
इसी अभियान के दौरान विशेष टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 792 लीटर नेपाली शराब बरामद की। इस मामले में शराब तस्करी में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन और एक मारुति सुजुकी कार को भी विधिवत जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई में 254 एमएल प्रतिबंधित नशीला पदार्थ, एक मोटरसाइकिल, एक पिकअप वाहन, एक चारपहिया वाहन, छह मोबाइल फोन, चार निडिल समेत सिरिंज, दो नशीले इंजेक्शन के खाली रैपर तथा सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद नेपाली शराब की मात्रा 792 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में पिपरा थाना क्षेत्र के सलमान खान, निर्मली चौक निवासी हरेंद्र मंडल, मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र निवासी महेश महतो और श्रीराम कुमार, वहीं झंझारपुर क्षेत्र के कन्हैया कुमार तथा पिपरा थाना क्षेत्र के मनीष कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में NDPS Act एवं मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत पिपरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध मादक पदार्थ एवं शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा इस पूरे कारोबार में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशीले पदार्थ और शराब की तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Join us on: