अद्भुत कांवर लेकर बाजे गाजे के साथ सपरिवार बाबाधाम रवाना हुये शिक्षक!

SHARE:

रिपोर्ट – शशिकांत मिश्रा!

सावन के पवित्र महीने में पूरा इलाका शिवभक्ति में डूबा हुआ है। इसी कड़ी में नगर के वार्ड संख्या 7 से कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था बाबा धाम जलार्पण के लिए रवाना हुआ। निजी शिक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में निकली इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकले कांवड़ियों ने बोलबम के जयघोष से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
रविवार को नगर के जगदम्बा मंदिर से कांवड़ियों का जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए रवाना हुआ। इस दौरान श्रद्धालु हाथों में कांवड़ लिए और बोलबम के जयघोष के साथ नगर का भ्रमण करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सभी श्रद्धालु ट्रेन से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए, जहां से गंगाजल लेकर बाबा धाम की यात्रा करेंगे।
कांवड़ यात्रा का नेतृत्व करने वाले वार्ड संख्या 7 निवासी एवं निजी शिक्षक चंदन कुमार की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था है। वे लगातार करीब 30 वर्षों से देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम की यात्रा करते आ रहे हैं।
चंदन कुमार की भक्ति की खास बात यह है कि वे हर वर्ष अपनी कांवड़ को स्वयं तैयार करते हैं। कांवड़ को आकर्षक और सुसज्जित बनाने में उनके बच्चे भी सहयोग करते हैं। इस वर्ष भी उनकी कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस भक्ति जत्थे में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु तन-मन-धन से भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘बोलबम’ के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं का यह जत्था अब सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेगा, जहां बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की जाएगी।
बोल बम! हर-हर महादेव!

Join us on: