रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में सरक निर्माण कंपनी के कार्य में लगे मिक्सर मशीन चलाने वाले चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पोखरौनी रहिका के बीच जयनगर-दरभंगा एन एच 527 बी मुख्य सड़क की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान डायवर्सन टूट जाने से मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरा। मशीन के नीचे दबने के कारण चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने जयनगर से दरभंगा जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। जिस कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में कांवरिया जयनगर स्थित कमला नदी से जल भरकर रहिका के कपिलेश्वर स्थान स्थित बाबा कपिलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे थे। मुख्य सड़क जाम होने के कारण कांवरियों और श्रद्धालुओं को भी आने-जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई वाहन जाम में फंस गए, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो ठप्प हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद रहिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रहिका थाना अध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया और सड़क जाम समाप्त करने की अपील की। पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। जिसके बाद मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में सुरक्षा व्यवस्था और डायवर्सन की मजबूती पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त सुरक्ष का आभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है।




