रिपोर्ट- अमित कुमार
पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी। इसके साथ ही पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी की गई। कई बसों के शीशे तोड़ दिए गए और कई बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्कूलों की बसें भी जाम में फंसी हुई हैं और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। हालात को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मृत युवक की पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।



