आय से अधिक संपत्ति के मामले में डीपीओ के कई ठिकानों पर EOU की एकसाथ छापेमारी!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सहरसा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत अमर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह EOU की टीम ने अजीत अमर के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

जानकारी के अनुसार, सीवान जिले के रैनी गांव स्थित पैतृक और निजी आवास, सहरसा के नया बाजार स्थित किराए के मकान, सरकारी कार्यालय तथा छपरा की गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर एक साथ तलाशी ली जा रही है।

EOU की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत अमर ने अपनी ज्ञात आय से 62 लाख 20 हजार 550 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी वैध आय की तुलना में लगभग 72.35 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि अजीत अमर करीब छह महीने पहले छपरा से स्थानांतरित होकर सहरसा आए थे। छपरा में पदस्थापन के दौरान भी उन पर गंभीर आरोप लगे थे। जांच एजेंसी के अनुसार, 32 महीने की नौकरी के दौरान उनके और उनकी पत्नी के खातों में 2 करोड़ 51 लाख 6 हजार 562 रुपये के लेन-देन का भी पता चला है।

फिलहाल EOU की टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Join us on: