:- रवि शंकर अमित!
गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलेगा राष्ट्रव्यापी समरसता संकल्प अभियान
संत रविदास का समता और सामाजिक न्याय का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा : संजय सरावगी
29 जुलाई से कलश वंदन, संत संपर्क, समरसता यात्रा और छात्रावास संपर्क अभियान होंगे : संजय सरावगी
समरसता ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : असीम अरुण
युवा शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगी : अभिनव प्रकाश
कार्यशाला में अतिथियों का सम्मान, अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर हुआ मंथन
पटना, 24 जुलाई। भाजपा, बिहार प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया, बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान एवं नंदकिशोर राम, उपमुख्य सचेतक जनक राम, विधायक अनिल राम, संगीता कुमारी, उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, पूर्व विधायक निक्की हेंब्रम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, अभियान प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ संत रविदास की तस्वीर पर पुष्पांजलि कर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके उपरांत सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री राजेश झा ‘राजू’ ने किया और धन्यवाद ज्ञापन विधायक सह अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान ने किया । कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज का जीवन समता, सेवा, सामाजिक न्याय, मानवता और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता को केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार में उतारने का कार्य कर रही है। इसी संकल्प को मजबूत करने के लिए गुरु पूर्णिमा से संत रविदास जयंती तक देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के हर वर्ग को जोड़ते हुए संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से कलश वंदन अभियान के साथ होगा। जन्मस्थली की पावन मिट्टी युक्त कलश सभी राज्यों में भेजे जाएंगे।
बिहार में प्रदेश स्तरीय कलश स्वागत एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद जिला, मंडल और मंदिर स्तर तक कलश वंदन कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान समरसता दीप अभियान, संत संपर्क अभियान, संत वंदन एवं सम्मान समारोह, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन, समरसता संगोष्ठियां, सामूहिक आरती, प्रभात फेरियां, समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान, युवा संवाद, महिला सहभागिता कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, भंडारे, सामाजिक समरसता संकल्प कार्यक्रम तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही संतों, धर्माचार्यों, मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान गुरु पूर्णिमा से आरंभ होकर माघ पूर्णिमा तक चलेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए पांच सदस्यीय एक टीम गठित की गई है जिसमे प्रदेश महामंत्री राजेश कुमार झा, राज्यसभा सांसद शिवेश राम, प्रदेश मंत्री सरला रजक, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता और सत्येंद्र राय भट्ट शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया। भाजपा उसी विचारधारा को समाज के बीच लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्र को मजबूत करने का व्यापक जन-अभियान है। इसमें संत समाज, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अभियान की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश ने कहा कि संत रविदास के विचार युवाओं के लिए आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पहले थे। युवा मोर्चा गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक अभियान को पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से सामाजिक समरसता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा और विकसित भारत के निर्माण में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कार्यशाला में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर गठित टोलियों की जिम्मेदारियों, कलश वितरण, संत संपर्क, समाज संपर्क, मीडिया समन्वय तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के समता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा पूरे बिहार में ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।



