:- रवि शंकर अमित!
100 दिनों में कानून व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा और जनकल्याण को मिली नई दिशा : सुरेश रूंगटा
‘सहयोग’, सैटेलाइट नगर और 200 से अधिक डिग्री कॉलेज जैसी पहल विकसित बिहार की मजबूत नींव : भाजपा
पटना, 24 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने 100 दिनों में बिहार की राजनीति और प्रशासन में सकारात्मक बदलाव के साथ-साथ सुशासन, विकास, कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर अपनी स्पष्ट प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
रूंगटा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की है। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने, आधारभूत संरचना को मजबूत करने, निवेश को प्रोत्साहन और उद्योग को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर बढ़ाने का काम किया गया है। साथ ही राज्य के गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देने का काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “सहयोग” जैसे प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इससे जनता में सरकार के प्रति विश्वास और उम्मीदें दोनों मजबूत हुई हैं। रोजगार सृजन के लिए “सैटेलाइट नगरों” की महत्वाकांक्षी योजना एवं 200 से अधिक “राजकीय डिग्री महाविद्यालयों” की शुरुआत बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में ले जाएगी। आने वाले दिनों में आधारभूत संरचना, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में और बड़े बदलाव दिखेंगे, जिसका लाभ राज्य के 14 करोड़ नागरिकों तक पहुंचेगा।
भाजपा का मानना है कि ये 100 दिन विकास कार्यों की नई शुरुआत है, जो उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा। आने वाले वर्षों में बिहार को विकसित, समृद्ध और अवसरों से परिपूर्ण राज्य बनाने के लिए सम्राट चौधरी की सरकार और अधिक गति और दृढ़संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी।



