रिपोर्ट – संतोष कुमार पांडेय
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। तेतरहाट बाजार के पास शराब तस्करी करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई है। मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने 09 जुलाई 2026 को जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर तेतरहाट बाजार के समीप एक सफेद रंग की फोर्ड कार को रोका। तलाशी में गाड़ी से 392.655 लीटर यानी कुल 1097 बोतल अवैध विदेशी शराब मिली। पुलिस ने मौके से गाड़ी को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी मिट्टू कुमार और मनीष कुमार पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। प्रशासन को चकमा देने के लिए गाड़ी में भाजपा का झंडा लगाया गया था। गाड़ी पर दो नंबर प्लेट भी मिलीं। एक नंबर BR-01PB-9999 लगा था और दूसरी UP-65AX-4272 नंबर प्लेट गाड़ी के अंदर रखी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब और वाहन जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है ताकि शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
बाइट- दीपक कुमार सिंह , उत्पाद अधीक्षक लखीसराय मद्य निषेध अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना पर तेतरहाट के चित्रहार के पास एक लग्जरी कार की घेराबंदी कर 1097 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। कार में बीजेपी का झंडा और वीआईपी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस को चकमा देने के लिए ऐसा किया गया था। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।



