पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियारों के साथ 17 बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

पटना से अमित कुमार की रिपोर्ट

रामकृष्णानगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरिया बस स्टैंड के पास कुछ असामाजिक और पेशेवर अपराधी अवैध हथियारों के साथ इकट्ठा होकर जबरन जमीन कब्जा करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, सदर पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर विभिन्न स्थानों से कुल 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 देशी कट्टे, 4 जिंदा कारतूस, 1 स्कॉर्पियो, 1 स्विफ्ट डिजायर और 1 XUV-500 वाहन के साथ 15 एंड्रॉयड मोबाइल और 1 कीपैड मोबाइल भी बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार 17 अपराधियों में से 11 का गंभीर आपराधिक इतिहास है। इन सभी पर पहले से हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार, चोरी और अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच चल रही है। सुश्री शैलजा नगर, पुलिस अधीक्षक पूर्वी पटना ने कहा कि अपराध, अवैध हथियार और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Join us on: