रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के राजनगर लक्ष्मीपुर सीमा चौकी अंधारबन के कार्यक्षेत्र में उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर में 18 वीं वाहिनी, राजनगर के द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026–27 के अंतर्गत सीमावर्ती ग्रामीणों के कौशल विकास हेतु मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण और मधुमक्खी बॉक्स वितरण के साथ मानव व पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना बताया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप–महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय पूर्णिया मधुकर अमिताभ तथा कमांडिंग ऑफिसर कोजा राम लोमरोड़ उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का ग्राम विकास परिषद के सचिव षष्ठी नाथ झा ने पुष्पगुच्छ, पाग व दुपट्टा भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात उप– महानिरीक्षक ने विधायक लौकहा श्री सतीश कुमार साह का भी पुष्पगुच्छ, पाग व दुपट्टा भेंट कर अभिवादन किया। आगे प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षकों ने मधुमक्खी पालन से होने वाले प्रभावी स्वरोजगार तथा आर्थिक लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को मधुमक्खियों की विभिन्न प्रजातियों, कॉलोनी प्रबंधन, बॉक्स की देखभाल, रोग व कीट नियंत्रण, शहद संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग तथा विपणन के व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षित किया गया। साथ ही राष्ट्र सुरक्षा में आम नागरिकों की भूमिका तथा सीमावर्ती सुरक्षा के विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जीवंत गांव पिपराही, अंधारबन, लक्ष्मीपुर, बनरझूली, हरभंगा एवं थारूवाही के 20 सीमावर्ती किसानों को प्रतिशुल्क रूप से 01-01 मधुमक्खी बॉक्स व प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इससे स्थानीय किसानों को शहद उत्पादन के माध्यम से आय के वैकल्पिक स्रोत प्राप्त होने की उम्मीद जगी है। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, सरपंच, थानाध्यक्ष लौकहा, एपीएफ पोस्ट कमांडर बेलही, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षकगण, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में सीमावर्ती नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में शामिल अधिकारियों ने बताया कि ऐसी पहलें सीमांत समुदायों के समेकित विकास और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने आगे भी ग्रामीण कल्याण तथा कौशल विकास कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन भी दिया है। इस सूचना के माध्यम से जनता को कार्यक्रम की जानकारी प्रेषित की जा रही है।




