:- रवि शंकर अमित!
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार
दिनांक : 03 जुलाई 2026
सोमनाथ यात्रा की तैयारियों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
- सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- निदेशक, सांस्कृतिक कार्य श्रीमती रूबी एवं निदेशक, संग्रहालय श्री कृष्ण कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
- श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पटना। आगामी ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली ‘सोमनाथ यात्रा’ की तैयारियों के क्रम में आज सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग, श्री प्रणव कुमार, भा.प्र.से. ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर निदेशक, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय श्रीमती रूबी, भा.प्र.से., निदेशक, संग्रहालय श्री कृष्ण कुमार, भा.प्र.से. सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र, सामान प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सचिव श्री प्रणव कुमार ने कहा कि सोमनाथ यात्रा बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमामय यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर यात्रा के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली सोमनाथ यात्रा में लगभग 1100 श्रद्धालु विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं बिहार सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।



