मुंगेर -इतिहास की परीक्षा में ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, भाई के बदले दे रहा था एग्जाम!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

-मुंगेर विश्वविद्यालय की स्नातक सेमेस्टर-5 की इतिहास विषय की परीक्षा के दौरान मंगलवार को आरएस कॉलेज तारापुर में फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा दे रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मामले का खुलासा होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मूल अभ्यर्थी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को द्वितीय पाली में बीए सेमेस्टर-5 (सत्र 2023-27) की इतिहास विषय की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान वीक्षक डॉ. मुकेश कुमार, स्वाती शिखा और रुबी ठाकुर को एक परीक्षार्थी की गतिविधि संदिग्ध लगी। जांच के लिए उसे कंट्रोल रूम लाया गया। वहां सहायक केंद्राधीक्षक डॉ. सविता कुमारी ने अभिलेखों का मिलान कराया और संबंधित कॉलेज से जानकारी प्राप्त की। सत्यापन में पता चला कि परीक्षा दे रहा युवक प्रभाकर कुमार है, जबकि परीक्षा उसके भाई एवं वास्तविक अभ्यर्थी शिवाकर कुमार के नाम से दी जा रही थी। पूछताछ में प्रभाकर कुमार ने स्वीकार किया कि उसका भाई बेंगलुरु में है और उसी के कहने पर वह उसकी जगह परीक्षा देने आया था।सूचना पर तारापुर थाना पुलिस कॉलेज पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। सहायक केंद्राधीक्षक डॉ. सविता कुमारी ने प्रभाकर कुमार एवं मूल अभ्यर्थी शिवाकर कुमार के विरुद्ध बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राचार्य प्रो. नागेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कॉलेज प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संदेह होने पर तत्काल जांच कर पुलिस को सूचना दी गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई।थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मंगलवार की रात्रि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी प्रभाकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बाइट-नागेंद्र कुमार शर्मा प्रचार्य

Join us on: