रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के जयनगर प्रखंड क्षेत्र स्थित देवधा पंचायत अंतर्गत अकोन्हा गांव के वार्ड संख्या-14 के भोगेन्द्र मुखिया के घर में मंगलवार को बिजली की शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग मे जलने से पीड़ित को भारी नुकसान हुआ है। देखते ही देखते आग की लपटों ने घर के एक कमरे और झोपड़ीनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर मे रखे गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित भोगेन्द्र मुखिया ने बताया है कि मंगलवार को घर के कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिससे आग आसपास फैलने से बच गई। पीड़ित के अनुसार आग में झोपड़ीनुमा छत, पंखा, दरवाजा, घर में रखा चावल, गेहूं सहित अन्य अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, गैस चूल्हा, साइकिल, नगद राशि तथा अन्य आवश्यक घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है। आग लगने से परिवार को आर्थिक रूप से भारी क्षति हुई है। घटना की जानकारी अग्निशमन विभाग, अंचलाधिकारी (सीओ) तथा स्थानीय प्रशासन को देकर सरकारी सहायता एवं मुआवजे की मांग की गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की अपील की है। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी मोतीलाल यादव, सरपंच जहांगीर हासमी, एसएसबी के जवान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। समाजसेवी मोतीलाल यादव एवं सरपंच जहांगीर हासमी ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के नुकसान का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार सामान्य जीवन की ओर लौट सके।



