रातों-रात नीतीश को क्यों हटाया? ये लोकतंत्र से बड़ा खिलवाड़ -आनंद मोहन!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

रातों-रात नीतीश को क्यों हटाया? आनंद मोहन ने उठाए बड़े सवाल

आनंद मोहन का बड़ा हमला- जनादेश का हुआ अपमान, लोकतंत्र से खिलवाड़

एंकर, नालंदा के मोरा तालाब में सोमवार की रात पूर्व सांसद आनंद मोहन का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीति, सत्ता परिवर्तन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अपने संबंध, विभागों के बंटवारे और एनकाउंटर संस्कृति सहित कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मेरे नेता नहीं, बल्कि बड़े भाई हैं। हम दोनों जेपी आंदोलन की उपज हैं। मैं उनका चमचा नहीं, भाई हूं और भाई को भाई से ज्यादा मोहब्बत होती है।

सत्ता परिवर्तन पर सवाल उठाते हुए आनंद मोहन ने कहा कि जब एनडीए ने 2025 से 30, फिर से नीतीश का नारा दिया था और सरकार सुचारू रूप से चल रही थी, तो आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति आ गई कि उन्हें अचानक पद से हटा दिया गया। उनके अनुसार यह जनादेश और लोकतंत्र दोनों के साथ मजाक है।

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए सत्ता के शीर्ष पर बैठे कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोगों ने सत्ता का दुरुपयोग कर करोड़ों का आर्थिक साम्राज्य खड़ा कर लिया है, जबकि वर्षों तक पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जाती रही।

अपने ऊपर लग रहे पुत्र और पत्नी मोह के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें परिवार का ही मोह होता तो वे राजनीति में सक्रिय होकर संघर्ष नहीं करते, क्योंकि उनके परिवार में पहले से सांसद और विधायक मौजूद हैं।

सरकार में विभागों के बंटवारे पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए पूछा कि आखिर उनके समाज के नेताओं के हिस्से में हमेशा सीमित विभाग ही क्यों आते हैं।

आरा में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर का जिक्र करते हुए आनंद मोहन ने कहा कि वे न तो बुलडोजर संस्कृति के समर्थक हैं और न ही एनकाउंटर संस्कृति के। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को न्यायालय के बजाय पुलिस द्वारा सजा देना उचित नहीं है। पुलिस का काम अपराधी को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश करना है, जबकि सजा देने का अधिकार केवल न्यायपालिका को है।

कार्यक्रम में अविनाश सिंह, अंकित सिंह, अजय सिंह, विक्की सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजन सिंह, बिट्टू सिंह, मुनचुन सिंह, राजवीर सिंह, चंदन सिंह, शुभम सिंह, नीतीश कुमार उर्फ पिंटू, अजीत सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाइट:- आनंद मोहन सिंह, पूर्व सांसद

Join us on: