सहरसा-  ₹5 लाख की छिनतई कांड का उद्भेदन, पूरी राशि बरामद, बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी जारी!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

सहरसा पुलिस ने पतरघट थाना क्षेत्र में हुई ₹5 लाख की छिनतई कांड का महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छिनतई की पूरी ₹5 लाख की राशि बरामद कर ली है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सोमवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि 25 जून 2026 को पस्तपार थाना क्षेत्र निवासी हरेंद्र यादव अपने एक मित्र के साथ सेंट्रल बैंक से ₹5 लाख की निकासी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पतरघट थाना क्षेत्र के कहरा मोड़ के समीप मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने रुपये से भरा बैग एवं अन्य जरूरी कागजात छीनकर फरार हो गए थे।

पीड़ित के बयान के आधार पर पतरघट थाना कांड संख्या-123/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2)/3(5) के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने बैंक और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण तथा मानवीय सूचना के आधार पर कटिहार जिले के दुरियागंज निवासी राजकुमार यादव की पहचान की।

इसके बाद सहरसा पुलिस, कटिहार पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कटिहार स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छिनतई की पूरी ₹5 लाख की नकद राशि बरामद कर विधिवत जब्त कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस सफल कार्रवाई में पतरघट थानाध्यक्ष शशि कुमार, नंदन कुमार, जिला आसूचना इकाई, सहरसा, कटिहार जिला पुलिस बल तथा बिहार एसटीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पीड़ित हरेंद्र यादव ने सहरसा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर लूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली। उन्होंने इसके लिए सहरसा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Join us on: