जहानाबाद- इंजेक्शन लगते ही महिला की मौत, सदर अस्पताल में मचा बवाल, डॉक्टर-नर्स अस्पताल छोड़कर भागे!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

जहानाबाद सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. हालात इतने बिगड़ गए कि डॉक्टर, नर्स और अन्य मेडिकल स्टाफ अस्पताल छोड़कर चले गए.जानकारी के अनुसार, मखदुमपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी 50 वर्षीय राजमुनी देवी को सिर में तेज दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया था. ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद दवा लिखी और उसी के अनुसार इलाज शुरू किया गया.परिजनों का आरोप है कि महिला को इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजन भड़क उठे और गलत इंजेक्शन देने तथा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाने लगे.हंगामा बढ़ता देख सदर अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और अन्य मेडिकल स्टाफ अस्पताल से बाहर निकल गए. इमरजेंसी वार्ड डॉक्टर विहीन हो गया, जिससे इलाज के लिए पहुंचे अन्य मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ाघटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार इमरजेंसी वार्ड पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था संभाली और मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई.नगर थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि यदि परिजनों को इलाज में लापरवाही का संदेह है तो वे लिखित शिकायत दें. महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Join us on: