रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
हाजीपुर– जिले में बीती रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की वारदातों से सनसनी फैल गई। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के इस्माईल गांव की है, जहां केला पेड़ काटने के विवाद में भतीजे ने ही अपने चाचा-चाची पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में चाचा आमोद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाची गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया।
परिजनों के मुताबिक, आमोद राम और उनके भतीजे के बीच केला के पेड़ काटने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बीती रात कहासुनी के बाद भतीजे ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से चाचा-चाची पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आमोद राम की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में घायल चाची को सदर अस्पताल से पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
वहीं दूसरी घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के पच्चीसकुर्वा गांव की है। यहां संतोष पासवान नाम के युवक की मोबाइल चोरी के आरोप में पीट-पीटकर और चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने संतोष पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की, फिर चाकू से कई वार किए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हैं।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली SP शुभांक मिश्रा खुद घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे।
मौके पर SP शुभांक मिश्रा ने कहा कि दोनों ही मामलों में आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



