आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर में मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय, आरा परिसर में आज नशा मुक्ति शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों और पैरा लीगल वालंटियर्स ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
व्यवहार न्यायालय, आरा में आयोजित नशा मुक्ति शपथ समारोह का नेतृत्व जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम शैलेंद्र कुमार पांडा ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को नशा मुक्त भारत के निर्माण तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से समाज को बचाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव दिवाकर कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम प्रतीक रंजन चौरसिया, न्यायालय कर्मी एवं पैरा लीगल वालंटियर्स मौजूद रहे। सभी ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले भर में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता शिविर, विधिक जागरूकता कार्यक्रम और विद्यालयों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि समाज को नशे के खिलाफ एकजुट किया जा सके।
अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार का यह अभियान लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
बाइट:
दिवाकर कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, भोजपुर।



