रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
भारत नेपाल समकक्ष बैठक में कमांडेंट और एसपी स्तर के अधिकारी रहे मौजूद
सीमा प्रबंधन होगी मजबूती, अवैध आवाजाही पर संयुक्त निगरानी, दोनों देशों ने जताई सहमति
सीमा अतिक्रमण व सुरक्षा चुनौतियों पर बनी संयुक्त रणनीति, सीमा पर सहयोग और त्वरित कार्रवाई पर जोर
मधुबनी जिले के जयनगर अनुमंडल मुख्यालय स्थित एसएसबी मुख्यालय में भारत नेपाल सीमा से संबंधित सुरक्षा व समन्वय को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट और नेपाली एपीएफ (नेपाली सशस्त्र सीमा बल) के एसपी स्तर के संग समन्वय बैठक का सफल आयोजन किया गया है। बैठक की अध्यक्षता 48 वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने की, दोनों ओर के उच्चस्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति मे आयोजित बैठक का मकसद सीमा प्रबंधन, अवैध आवागमन की रोकथाम तथा आपसी सहयोग पर विशेष चर्चा और सीमा सुरक्षा पर निगरानी दुरुस्त करने जैसे मुद्दे शामिल थे। जिसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल उप कमांडेंट हरि नारायण जाट, उप कमांडेंट अमरनाथ गुप्ता, उप कमांडेंट विमल गुप्ता तथा समस्त समवाय कमांडर उपस्थित रहे तो नेपाल देश की ओर से नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (APF) से सुमन जंग थापा क्षेत्री, एसपी (07वीं वाहिनी) से भीम बहादुर बिष्ट, एसपी (08वीं वाहिनी) से शेर बहादुर अधिकारी, एसपी (09वीं वाहिनी) से पदम खड़का, डीएसपी (07वीं वाहिनी) के इंस्पेक्टर किशोर डांगी तथा (08वीं वाहिनी) के अधिकारी बैठक में शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अनियंत्रित व गैर- अनाधिकृत आवागमन को रोकने, तृतीय देशों के नागरिकों की अवैध आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखने और सीमा पार अपराधों की रोकथाम तथा सीमा सुरक्षा व प्रबंधन के आधुनिक तरीकों पर विचार बिमर्श किया गया। साथ ही, दोनों पक्षों ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाने, साझा सूचनाओं के आदान- प्रदान को तेज करने और समय पर संयुक्त कार्रवाई के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने पर सहमति व्यक्त की है। साथ ही, सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े मामलों का संज्ञान लेकर त्वरित समाधान हेतु समन्वित पहल पर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक के दौरान अधिकारीयों ने स्थानीय सुरक्षा चुनौतियों, सीमा पार व्यापार और आवागमन से जुड़े प्रक्रियात्मक मुद्दों पर आपसी अनुभव साझा किए और अगली बैठकों के लिए समय- सीमा व संवाद चैनलों को और व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है। आगे दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने सीमा पर शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी एवं नियमित समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया और बैठक समापन के दौरान दोनों पक्षों के अधिकारियों ने ऐसी और समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने एवं साझा रणनीतियों के तहत् सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया है। बता दें कि बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक को सफल बनाया है।



