पंकज कुमार जहानाबाद
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी पहुंचे सदर अस्पताल ,साफ सफाई पर जताई नाराजगी, कई चिकित्सक एवं स्वास्थकर्मी मिले गायब
जहानाबाद जिले की नई जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने पदभार संभालने के अगले ही दिन सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की इमरजेंसी सेवा में बड़ी लापरवाही सामने आई, जब ड्यूटी पर तैनात दो डॉक्टरों में से एक अनुपस्थित मिला.निरीक्षण के दौरान एक डॉक्टर के ड्यूटी से नदारद मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी और अस्पताल अधीक्षक डॉ. मीना कुमारी को अनुपस्थित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य विभाग समेत किसी भी सरकारी विभाग में ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित भव्या पोर्टल के माध्यम से डॉक्टरों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर निगरानी रखी जाएगी. इस पोर्टल पर डॉक्टरों की ड्यूटी अवधि, मरीजों की संख्या और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी सभी जानकारियां दर्ज होती हैं.डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने जहानाबाद सदर अस्पताल को नौ विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराए हैं. मरीजों को इन सेवाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित है और जिन दवाओं का रेट कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है, उन्हें भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया गया है.निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में जगह की कमी का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि पुराने भवन को हटाकर नए और बड़े अस्पताल भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए. नया भवन बनने के बाद जगह की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी.सदर अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.एक सवाल के जवाब में डीएम ने बताया कि कुछ चिकित्सक उच्च शिक्षा के लिए अवकाश पर हैं, जिससे अस्थायी रूप से डॉक्टरों की कमी महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि बिहार में नए डॉक्टरों की बहाली प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही जहानाबाद जिले को भी अतिरिक्त चिकित्सक उपलब्ध कराए जाएंगे.डीएम के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी, प्रभारी अधीक्षक डॉ. मीना कुमारी, डीआईओ डॉ. प्रमोद कुमार, कम्युनिकेबल डिजीज प्रभारी डॉ. विनोद कुमार सिंह, एसएनसीयू प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर आजाद समेत कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे.



