रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले मे
मानसून के दस्तक देने से पहले संभावित बाढ़ संकट को लेकर मधवापुर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है। इसी क्रम में अंचलाधिकारी सुनील कुमार और उप प्रमुख दीपक कुमार सिंह ने बाढ़ प्रभावित और अति संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भौगाछी, पिहवाड़ा, सौबरौली, तरैया, करहुआँ, पतार, पर्री, पिरोखड़ और सुजातपुर सहित कई गांवों का दौरा किया गया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से धौंस नदी के किनारे संभावित कटाव वाले स्थानों की बारीकी से जांच की और वहां सुरक्षा कार्यों की प्रगति का आकलन किया।
सीओ सुनील कुमार ने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए फ्लड फाइटिंग कार्य तेज किए जाएंगे। ताकि कटाव को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर सभी जरूरी कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं को भी सुनीं। लोगों ने कई स्थानों पर अवैध मिट्टी खनन और भारी वाहनों के परिचालन से तटबंधों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। जिस बात पर सीओ ने रोकथाम और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का लोगों को भरोसा दिया। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर साझा कर स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी अवैध खनन गतिविधि की सूचना बिना बिलंब के उन्हें दें। मौके पर लाल सिंह, पिरोखड़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रशांत कुमार सिंह, मोहम्मद शाहीद, जीवछ ठाकुर सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।




