रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना से दिल्ली रवाना होने से पहले सुपौल से जदयू सांसद दिलेश्वर कामत ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ कहा कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिलेश्वर कामत ने कहा कि अगर इस मामले में पुलिसकर्मी भी दोषी साबित होते हैं, तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच के आधार पर ही कार्रवाई होगी और किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बेगूसराय में हुई गैंगरेप की घटना पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है और किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एनडीए के अंदर इस मुद्दे को लेकर मतभेद की बातों को खारिज करते हुए दिलेश्वर कामत ने कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सरकार हर हाल में न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अंत में दोहराया कि चाहे कोई भी हो, अगर गलती पाई जाती है तो कार्रवाई तय है।




