:- रवि शंकर अमित!
मुख्य बिंदु :-
खातीपुरा (जयपुर)- दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस मिथिला और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम।
पिछले 12 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में हुआ व्यापक विकास, अवसंरचना विस्तार, नई रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार को मिल रही ऐतिहासिक सौगातें।
वर्ष 2016 से मढ़ौरा में अब तक 835 से अधिक रेलवे इंजन निर्मित हुए हैं, जो बिहार की तकनीकी दक्षता और कुशल मानव संसाधन का प्रमाण है।
दिल्ली और पटना के बीच बुलेट ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, इससे पटना से दिल्ली पहुंचने में लगभग सवा चार घंटे का समय लगेगा।
पटना 21 जून 2026 :- मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज संकल्प सभागार, लोक सेवक
आवास, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खातीपुरा (जयपुर)- दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल खातीपुरा (जयपुर) से राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा तथा केन्द्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है। बिहार की पावन धरती मिथिला का क्षेत्र दरभंगा एवं राजस्थान के जयपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से आपस में सम्पर्क और मजबूत बनेगा। आज के इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार प्रकट करते हैं। बिहार की धरती से देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर परिश्रम कर अपना जीविकोपार्जन करनेवालों के लिये जो सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है, उसके लिये धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस केवल एक नई रेल सेवा नहीं है बल्कि यह मिथिला और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु है। मिथिला का मखाना और राजस्थान का घेवर का मिलन होगा। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली ऐसी रेल सेवाएं राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास को मजबूती प्रदान करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपना रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। रेलवे अवसंरचना के विस्तार, नई रेल लाइनों का निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, आधुनिक स्टेशनों के विकास तथा यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार से देश भर में संपर्क और विकास को नई गति मिली है। बिहार भी इस परिवर्तन का प्रमुख लाभार्थी बना है। उन्होंने कहा कि राज्य में रेलवे परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन, नई रेल सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ रहे हैं। बेहतर रेल कनेक्टिविटी विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधार बन रही है। राज्य के 38 में से 36 जिलों में रेल कनेक्टिविटी से जुड़े हैं। दो जिले छुटे हुये हैं, उस पर भी तेजी से काम चल रहा है। प्रत्येक वर्ष केन्द्र सरकार रेल बजट में लगभग 10 हजार करोड़ रूपये बिहार को देती है। आज लगभग 1 लाख करोड़ रूपये से अधिक की योजना हमारे बिहार में चल रही है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि वर्ष 2029 से पहले सभी रेलवे स्टेशनों को पुनर्स्थापित किया जाय। आदरणीय प्रधानमंत्री जी का विशेष तौर पर आभार प्रकट करते हैं। बिहार को उसका हक दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पटना के बीच बुलेट ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे पटना से दिल्ली पहुंचने में लगभग सवा चार घंटा लगेगा। यह ट्रेन सिलीगुड़ी तक जायेगी। यह बिहारवासियों के लिये बड़ी सौगात होगी। खाटू श्याम जी की धरती पर नया रेलवे स्टेशन बनाने का निर्णय केन्द्रीय रेल मंत्री जी ने लिया है, इसके लिये उन्हें बधाई देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 से मढ़ौरा में अब तक 835 से अधिक रेलवे इंजन निर्मित हुए हैं, जो देश या देश के बाहर भेजा गया है। यह राज्य की औद्योगिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और कुशल मानव संसाधन का प्रमाण है। यह उपलब्धि बिहार को देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में स्थापित करती है। बिहार को इससे 1000 करोड़ रूपये जी०एस०टी० के रूप में प्राप्त होता है। रेलवे के सहयोग से बिहार को आर्थिक प्रगति में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से आग्रह है कि दो महीने में बिहार आते रहें ताकि रेलवे के आधूरे कार्य तेजी से पूर्ण हो सके। नई रेल सेवायें लाखों यात्रियों के लिए सुविधा, बेहतर संपर्क और विकास का नया माध्यम बनेगी तथा बिहार और राजस्थान के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी।
इस अवसर पर दरभंगा के सांसद श्री गोपालजी ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार सहित रेलवे के अधिकारीगण उपस्थित थे। मुख्य कार्यक्रम स्थल खातीपुरा (जयपुर) पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, केन्द्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी, जयपुर की सांसद श्रीमती मंजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिणिगण एवं रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।



