:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव का है, जहां एक ही रात में पूर्व मुखिया और कांग्रेस नेता महेश सिंह के घर समेत तीन मकानों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जबकि पुलिस डॉग स्क्वॉड की मदद से मामले की जांच में जुट गई है। आपको बताते चले बेगूसराय में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों का ताला तोड़कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले पूर्व मुखिया एवं कांग्रेस नेता महेश सिंह के घर को निशाना बनाया। परिजनों के अनुसार, घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 60 लाख रुपये से अधिक की नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने बगल के दो अन्य घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जहां से करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने की बात कही जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही सदर-1 डीएसपी आनंद कुमार पांडे, मुफस्सिल थाना पुलिस और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डॉग स्क्वॉड तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।
इधर, एक साथ तीन घरों में हुई चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




