:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार!
बाढ़ अनुमंडल के एनटीपीसी थाना क्षेत्र में बिजली तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-31 को जाम कर दिया। प्रशासन के हस्तक्षेप और मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। मृतक की पहचान धनामा गांव निवासी तथा वर्तमान में गौरक्षणी के पास रह रहे विभु राम के रूप में हुई है। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर अपने चार बच्चों का भरण-पोषण करते थे। विभु राम अपने मवेशियों के लिए एनटीपीसी के समीप घास काटने गए थे। इसी दौरान वह बिजली के कटे हुए तार की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए NH-31 को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण, एनटीपीसी थाना के सब-इंस्पेक्टर दुर्गा सिन्हा, एसआई ज्ञान प्रकाश तथा विनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




