:- रवि शंकर अमित!
आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा प्रशासनिक सेवाओं को पंचायत स्तर तक अधिक सुलभ एवं प्रभावीये बनाने के उद्देश्य से बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा दिनांक 02 जून 2026 (मंगलवार) को जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में तीसरे “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। सभी शिविर प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित होने वाले इस सहयोग शिविर में वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर सुनवाई कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला अथवा प्रखंड कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत प्रदान करते हुए पंचायत स्तर पर ही प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बरौनी प्रखंड के मल्हीपुर दक्षिण एवं पपरौर, बेगूसराय प्रखंड के जिनेदपुर एवं रजौड़ा, वीरपुर के भवानंदपुर, मटिहानी के सिंहमा एवं खोरमपुर, शाम्हो के सलहा सैदपुर बरारी-1, बलिया के सालेहचक, साहेबपुर कमाल के सनहा उत्तर एवं सादपुर पूरब, डंडारी के राजोपुर, चेरिया बरियारपुर के बसही, खोदावंदपुर के बारा, छौड़ाही के सिंहमा, बखरी के मोहनपुर, गढ़पुरा के दुनही एवं मौजी हरिसिंह, नावकोठी के पहसारा पूर्वी, तेघड़ा के आधारपुर, बछवाड़ा के चमथा-1 एवं चमथा-2, भगवानपुर के महेशपुर तथा मंसूरचक प्रखंड के गोविन्दपुर-2 पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी शिविर स्थलों पर आमजन की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बेगूसराय जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने पंचायत क्षेत्र में आयोजित तीसरे चरण के “सहयोग शिविर” में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत करें तथा प्रशासन की इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।




