आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोजपुर द्वारा रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के चैम्बर के बाहर बरामदे में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, आरा तथा जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम शैलेंद्र कुमार पांडा ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, कार्यालय कर्मियों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए तंबाकू सेवन नहीं करने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में श्री पांडा ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि न्यायिक पदाधिकारियों एवं जागरूक नागरिकों का दायित्व है कि वे समाज में तंबाकू निषेध के प्रति जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराएं और तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश त्रयोदश, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपस्थित रहे। सभी ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।




