रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर
आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, डॉ. कलाम नगर, तुर्की में आज मेदांता के सहयोग से “इकोकार्डियोग्राफी एवं हृदय रोगों की प्रारंभिक पहचान” विषय पर एक सीएमई (सतत चिकित्सा शिक्षा) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में मेदांता के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार ने इकोकार्डियोग्राफी की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से हृदय की जांच की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि इकोकार्डियोग्राफी हृदय की संरचना एवं कार्यप्रणाली का सटीक मूल्यांकन करने वाली एक महत्वपूर्ण जांच है, जिसके माध्यम से हृदय रोगों का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर समय पर उपचार एवं बेहतर रोगी देखभाल सुनिश्चित की जा सकती है।

कार्यक्रम में आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्राचार्य प्रो. डॉ. आभा रानी सिन्हा, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. उदय कुमार, मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रामाकांत सिंह, प्रो. एन.के. बरियार, प्रो. एन.के. सिंह, डॉ. राहुल मोहन, डॉ. आशित कुमार, डॉ. राजवर्धन, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. रोहित कुमार, डॉ. विनीत कुमार सिन्हा, डॉ. कमलकांत मिश्रा एवं प्रशासनिक पदाधिकारी श्री मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, पीजी एवं यूजी छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को इकोकार्डियोग्राफी की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई तथा हृदय रोगों की शीघ्र पहचान एवं रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। प्राचार्य प्रो. डॉ. आभा रानी सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को समृद्ध करने के साथ-साथ क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



