जमालपुर में महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहा युवक धराया, लोगों ने की धुनाई, वीडियो वायरल!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार

मुंगेर जिले के जमालपुर शहर स्थित जुबली बेल चौक पर दिनदहाड़े मोबाइल छिनतई की घटना से अफरा-तफरी मच गई। महिला यात्री से मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। ये वीडियो शुक्रवार की दोपहर का बताया जा रहा है जो सोशल मीडिया पर वाईरल हो रहा है
पकड़ाए युवक की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार खगड़िया निवासी रूपम कुमारी इलाज कराने जमालपुर के अमेरिकन हॉस्पिटल आई थीं। अस्पताल से लौटने के दौरान वह ऑटो पर बैठ रही थीं, तभी पीछे से आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और भागने लगे। घटना के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और “चोर-चोर” चिल्लाने लगीं। महिला की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर सक्रिय हो गए।
स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक मोबाइल लेकर फरार हो गया। पकड़े गए युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान सागर कुमार के रूप में हुई है। उसने अपने साथी का नाम सत्यम यादव बताया, जो कथित तौर पर रामचंद्रपुर इलाके का रहने वाला है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और मोबाइल बरामदगी के लिए छापेमारी की तैयारी कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही मोबाइल छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Join us on: