:- ब्यूरो रिपोर्ट
बगहा नगर के बगहा बाजार स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में शुक्रवार की शाम सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल जाने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी 40 वर्षीय उपेंद्र चौधरी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एलआईसी कार्यालय परिसर में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक फायरिंग हो गई। गोली उपेंद्र चौधरी के पेट को छूते हुए हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेट बैंक चौराहे पर गश्त कर रही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शिवांगी गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल के परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस टीम एलआईसी कार्यालय पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं बगहा एसपी रामानंद कौशल तथा एसडीपीओ निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद कर्मियों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।



