मधेपुरा में गाली देने से मना किया तो बहु ने कर दी सास की निर्मम हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – राजीव रंजन!


मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोषई पंचायत के अरसंडी गांव वार्ड संख्या-10 में शुक्रवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक बहू ने अपनी ही सास की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल गमगीन हो गया।
मृतका की पहचान स्वर्गीय पुलकित यादव की 68 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्रमिला देवी अपने घर के दरवाजे के पास उगे घास-पतवार की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बहू राजो देवी अपने बच्चे को गंदी-गंदी गालियां दे रही थी। सास ने बहू को बच्चे के सामने अपशब्दों का प्रयोग करने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि बहू ने प्रमिला देवी के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनका सिर पक्की सड़क पर दे मारा। जान बचाने के लिए प्रमिला देवी सड़क की ओर भागीं, लेकिन आरोप है कि बहू ने पीछा कर लकड़ी के पीढ़िया से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद प्रमिला देवी अचेत होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान एवं एएसआई शैलेंद्र कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

Join us on: