आरा/आशुतोष पाण्डेय
चांदी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अपराधी गिरफ्तार – स्कॉर्पियो, लोडेड पिस्टल व कारतूस बरामद
आरा/चांदी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण अभियान चलाते हुए दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि चारपहिया वाहन पर सवार कुछ अपराधी हथियार के साथ इलाके में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही चांदी थाना टीम सक्रिय हुई और खनगांव सोन नदी मोड़ स्थित बांध के पास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो को आते देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सवार भागने लगे। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को रोक लिया और दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01EV7345) से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा वाहन से संबंधित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने हथियारों के स्रोत के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी:
लोडेड देसी पिस्टल – 01
जिंदा कारतूस – 04
चारपहिया वाहन (स्कॉर्पियो) – 01
गिरफ्तार आरोपी:
राजेश यादव, पिता–विश्वनाथ यादव, साटो धरमार, थाना–मुफस्सिल, जिला भोजपुर
शिवम कुमार पांडेय, पिता–स्व. रंगनाथ पांडेय, साटो चुआई, थाना–कुरान सराय, जिला बक्सर
इस संबंध में चांदी थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 26.05.2026, धारा 25(1-ब)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



