बेगूसराय- बकरीद में प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित।

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से आज आर्ट गैलरी प्रेक्षागृह, ककौल में प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ब्रीफिंग के दौरान पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, अफवाहों की रोकथाम तथा प्रशासनिक एवं पुलिस समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्क एवं सक्रिय रहकर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करें।

बैठक में पर्व के दौरान विशेष रूप से संवेदनशील एवं चिन्हित स्थलों पर सतत निगरानी, नियमित गश्ती एवं त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की विधि-विरुद्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग में यह भी निर्देशित किया गया कि नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया गया।

मौके पर अपर समाहर्ता, बेगूसराय, नगर आयुक्त नगर निगम, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए बकरीद पर्व मनाने की अपील की है।

Join us on: