बेगूसराय – डीएम की उपस्थिति में सिमरिया-01 में द्वितीय ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बेगूसराय जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं सुलभ समाधान के उद्देश्य से आज दिनांक 26 मई 2026 को बरौनी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरिया-01 में द्वितीय ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर से पूर्व विभिन्न माध्यमों से कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन्हें ‘सहयोग शिविर पोर्टल’ पर प्रविष्ट किया गया था। शिविर के दौरान इन सभी 106 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर दिया गया तथा एक भी आवेदन लंबित नहीं रहा। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता एवं विभागीय समन्वय को दर्शाती है।

शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 36 आवेदनों का निष्पादन किया गया, जिनमें भूमि संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन एवं अन्य राजस्व मामलों का समाधान शामिल रहा। राशन कार्ड एवं खाद्य आपूर्ति विभाग से जुड़े 21 आवेदनों का भी ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। सामाजिक सुरक्षा एवं वृद्धजन पेंशन से संबंधित 18 मामलों तथा जन्म-मृत्यु निबंधन के 12 मामलों का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।

इसके अतिरिक्त शौचालय निर्माण, कबीर अंत्येष्टि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, पीएचईडी, शिक्षा, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों का भी सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। शिविर के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारियों द्वारा लाभुकों को आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान उनके निकटतम स्तर पर पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था के माध्यम से सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता बनाए रखते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।

सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन को अपने बीच पाकर एवं समस्याओं का त्वरित समाधान होते देख स्थानीय ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह द्वितीय ‘सहयोग शिविर’ सुशासन, सेवा-सुलभता एवं जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हो रहा है।

Join us on: