बेगूसराय- डीएम ने एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा जिले में एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।

समीक्षा में पाया गया कि तेल विपणन कंपनियों—इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL)—द्वारा उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 11,437 नए एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग प्राप्त हुई, जिसके मुकाबले 8,204 सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की गई। वर्तमान में तेल विपणन कंपनियों के पास 14,355 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सामान्य एवं सुचारु बनी हुई है। दैनिक औसत प्रदर्शन के अनुसार 4,081 सिलेंडरों की बुकिंग तथा 4,355 सिलेंडरों की डिलीवरी दर्ज की गई है।

कंपनीवार समीक्षा में इंडियन ऑयल (IOCL) ने 40 वितरकों के माध्यम से 3,850 सिलेंडरों की डिलीवरी करते हुए अग्रणी भूमिका निभाई। भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने अपने 15 वितरकों के जरिए 3,320 सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित की, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने 12 वितरकों के माध्यम से 1,034 सिलेंडरों की आपूर्ति की। HPCL का बैकलॉग सबसे कम 3.2 दिन दर्ज किया गया।

समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि कुल औसत बैकलॉग 4.8 दिन है, जिसे उपलब्ध स्टॉक और बेहतर आपूर्ति प्रबंधन के माध्यम से और कम करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने संबंधित अधिकारियों एवं तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी उपलब्ध कराने हेतु वितरण प्रणाली पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक पेंडेंसी नहीं रहने दी जाए। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों से गैस बुकिंग कर त्वरित एवं सुगम सेवा का लाभ उठाएं।

Join us on: