रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिला के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरौनी गांव में मंगलवार की रात करीब 10 बजे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खाजेडीह, लदनिया निवासी 28 वर्षीय निखिल झा, पिता शेषनाथ झा के रूप में हुई है। गोली गर्दन में लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, निखिल झा और मुख्य आरोपी बलवंत झा के बीच एक लड़की से प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद बलवंत झा और उसके साथियों ने फायरिंग कर निखिल झा की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही स्वयं एसपी योगेंद्र कुमार देर रात मंगरौनी गांव पहुंचे। उन्होंने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्य जुटाए। इसके बाद सदर अस्पताल जाकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से एस पी ने मुलाकात कर हत्या मे संलिप्त दोषीयों को पुलिस द्वारा जल्द गिरफ्तार कर लिए जाने की बात कही।
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया है कि यह पूरी घटना आपसी रंजिश का नतीजा है। मुख्य आरोपी बलवंत झा समेत सभी नामजद अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।




