:- रवि शंकर अमित!
BPSC TRE-4 वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर आज पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन हुआ। छात्र पहले से ऐलान कर चुके थे कि वे पटना कॉलेज से बिहार लोक सेवा आयोग कार्यालय तक मार्च निकालेंगे। लेकिन मार्च शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
कई छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया गया। महिला अभ्यर्थियों को भी पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया। इस दौरान छात्र नेता रिंकल यादव को पुलिस द्वारा घसीटते हुए ले जाने की तस्वीरें सामने आईं। इन तस्वीरों के बाद अभ्यर्थियों में भारी गुस्सा है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार TRE-4 शिक्षक भर्ती में लगातार देरी कर रही है। उनका कहना है कि लाखों युवाओं का भविष्य इसी भर्ती से जुड़ा है और देरी की वजह से सब अधर में लटका है।
वहीं प्रशासन का तर्क है कि इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाए गए हैं। पटना कॉलेज और पटना विश्वविद्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। दंगा नियंत्रण बल और वाटर कैनन की गाड़ियां भी लगाई गईं। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि आंदोलन में शामिल किसी भी अभ्यर्थी को हिरासत में लिया जा सकता है।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई छात्रों को बसों में बैठाकर ले जाया गया। अभ्यर्थियों ने दो टूक कहा कि जब तक TRE-4 वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।




