रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल जिले के भपटियाही में एनयूजे का जिला सम्मेलन सम्पन्न, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने किया उद्घाटन
मीडिया प्रशासन के लिए एक अहम अंग, लोकतंत्र के लिए मीडिया की भूमिका अहम : डीएम
फेक न्यूज बड़ी समस्या, सकारात्मक खबरें समाज को नई दिशा देती है : एसपी
सुपौल :- जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) का जिला स्तरीय सम्मेलन रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में बिहार के विभिन्न जिलों के पत्रकारों के साथ नेपाल से पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, मीडिया की चुनौतियों, प्रशासन और मीडिया के संबंधों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
एनयूजे के जिला अध्यक्ष उपेंद्र चंदन की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने मीडिया की भूमिका को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और आम जनता के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करती है। समाज की समस्याओं और लोगों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
डीएम ने कहा, “मीडिया प्रशासन का एक अहम अंग होता है। मीडिया लोगों के आंसू पोंछने का कार्य करती है। आपदा के समय हो या चुनाव जैसे बड़े दायित्व, हर जगह मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रशासन और मीडिया के संबंधों को बेहतर और बनाया जाएगा।”
वहीं समारोह में पहुंचे सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज में हो रहे अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता आसान पेशा नहीं है और इसमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
एसपी ने कहा, “पत्रकारिता का कार्य बहुत कठिन होता है। वर्तमान समय में फेक न्यूज बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है, इसलिए पत्रकारों को तथ्यों की जांच के बाद ही खबरों का प्रसारण करना चाहिए। सकारात्मक खबरें समाज को नई दिशा देने का काम करती हैं।”सम्मेलन में मीडिया की विश्वसनीयता, डिजिटल पत्रकारिता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा पत्रकारों की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता को और मजबूत करने का संकल्प लिया।सम्मेलन के दौरान विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए। नेपाल से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने भी भारत-नेपाल के सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। समारोह का संचालन पत्रकार मनोज रोशन ने किया। अतिथियों को एनयूजे के प्रदेश सचिव कुमार अमर , भपटियाही प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव , अध्यक्ष उपेन्द्र चंदन , विकास आनन्द, अमित झा ने किया।जबकि स्वागत विमल कुमार भारती, सुशील कुमार, अशोक कुमार ने किया। मौके पर मुखिया विजय कुमार यादव, सुरेश सिंह, शांति कुमारी सहित मीडिया कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।




