रिपोर्ट – चंद्रशेखर कुमार
बारिश ने खोली विकास की पोल: लौगाय के चौधरी टोला में जलजमाव से ग्रामीण बेहाल
अमरपुर प्रखंड अंतर्गत लौगाय गांव के चौधरी टोला में बारिश के बाद भारी जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर बारिश का पानी जमा हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई घरों में भी पानी घुसने लगा है।
ग्रामीण नीरज चौधरी, कारे चौधरी, सुकेश चौधरी एवं रामजी चौधरी ने बताया कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही समस्या उत्पन्न होती है। गांव में नाली निर्माण नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं गंदा पानी जमा रहने से बीमारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द नाली निर्माण एवं पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।




