रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति के लालच में बेटों पर अपनी ही मां की निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है। घटना चंडी थाना क्षेत्र के नरसंडा बाजार की है, जहां 55 वर्षीय जिलवी देवी की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार, मंझले बेटे रविशंकर और उनके साले ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिलसा डीएसपी-1 शैलजा समेत छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने में जुट गई।
परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो आज जिलवी देवी की जान बच सकती थी। मृतका के भाई मुन्ना राम ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। बेटों द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। शिकायत लेकर कई बार चंडी थाना गए, लेकिन पुलिस ने आवेदन तक लेने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि बहन की सुरक्षा के लिए उसे मायके बदौरा ले जाया गया था, लेकिन आखिर कब तक छिपाकर रखते। शनिवार को भी थाना में आवेदन दिया गया, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मेरी मां ने मेहनत करके अपने नाम से जमीन खरीदी थी। बड़े भाई लोग जबरन जमीन अपने नाम करवाना चाहते थे। मां अपनी मर्जी से जमीन देना चाहती थीं, लेकिन बड़े भाई चंद्रभूषण, मंझले भाई रविशंकर और उनके साले ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। हम लोगों ने तीन बार थाना में गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस कहती रही कि जब तक बड़ी घटना नहीं होगी, तब तक कुछ नहीं करेंगे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
बाइट:- मृतका मामा
बाइट:- मृतका पुत्र




