ऑपरेशन साइबर प्रहार 3.0 के तहत  फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- आदित्यानंद आर्य

सीतामढ़ी
सीतामढ़ी पुलिस ने ऑपरेशन साइबर प्रहार 3.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, कंप्यूटर उपकरण और डिजिटल डिवाइस बरामद किए गए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सीसीएसयू से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि गिरोह अवैध वेबसाइटों और कंप्यूटर सिस्टम की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, आय एवं आवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों की जालसाजी कर रहा था। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना सीतामढ़ी के नेतृत्व में बोखड़ा, रीगा और गाढ़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। सबसे पहले बोखड़ा थाना क्षेत्र के बुधनगरा और झिटकी गांव में छापेमारी कर चंदन कुमार और अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद रीगा थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव से सुरज कुमार तथा गाढ़ा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर गांव से निर्मल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 2 सीपीयू, 3 मॉनिटर, 1 डीवीआर, 5 मोबाइल फोन, 6 अंगूठा स्कैनर, 4 एटीएम कार्ड और 70 से अधिक फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और बैंक से जुड़े कागजात शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों के मोबाइल और कंप्यूटर सिस्टम की जांच में कई संदिग्ध वेबसाइट और ऑनलाइन पोर्टल मिले हैं, जिनका इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह विभिन्न लोगों की पहचान संबंधी जानकारियों का दुरुपयोग कर सरकारी एवं वित्तीय दस्तावेज तैयार कर रहा था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। मामले में संबंधित थानों में अलग-अलग कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Join us on: