श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बेगूसराय द्वारा मजदूर दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बेगूसराय द्वारा “अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस” के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त श्रम भवन परिसर, पन्हांस बेगूसराय में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पीठासीन पदाधिकारी, श्रम न्यायालय, बेगूसराय, कारखाना निरीक्षक, बेगूसराय, श्रम अधीक्षक, बेगूसराय एवं उपस्थित श्रमिक संघों के प्रतिनिधियों तथा श्रमिकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में बेगूसराय जिले के संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आए अतिथियों एवं श्रमिकों का स्वागत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का विषय प्रवेश पीठासीन पदाधिकारी, श्रम न्यायालय, बेगूसराय श्री जितेंद्र कुमार द्वारा किया गया। तत्पश्चात श्रम अधीक्षक, बेगूसराय एवं जिले के सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न अधिनियमों एवं योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी उपस्थित श्रमिकों को प्रदान की गई, ताकि वे श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कारखाना निरीक्षक, बेगूसराय श्री प्रवीण कुमार द्वारा कारखानों में कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी कारखाना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत दी गई। इसके अतिरिक्त श्रमिक संघ की ओर से श्री अंजनी कुमार सिंह (जिला परिषद सदस्य, बेगूसराय-सह-राज्य सचिव, CITU) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्रमिकों को जागरूक किया।
वैशाली समाज कल्याण संस्थान, बेगूसराय के प्रतिनिधि श्री राजनन्दन रंजन द्वारा श्रमिकों के बीच उनके अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर मे० सुधा डेयरी, बरौनी एवं प्रिंस पाइप फिटिंग्स लिमिटेड, बरौनी, बेगूसराय द्वारा क्रमशः अपने 26 एवं 06 कामगारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
श्रम अधीक्षक, बेगूसराय श्री रवीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जिले के सभी संवेदक ठेका मजदूर अधिनियम, 1970 के अंतर्गत अपना निबंधन अवश्य करा लें, अन्यथा बिना लाइसेंस कार्य करते पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रवासी श्रमिकों से अपील की कि वे अपने आगमन-प्रस्थान का पंजीकरण संबंधित पोर्टल पर अवश्य कराएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कार्यक्रम का समापन श्रम अधीक्षक, बेगूसराय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Join us on: