REPORT :- संतोष चौहान, सुपौल।
सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की दिनदहाड़े हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को एनकाउंटर में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद जहां एक ओर प्रशासन ने राहत की सांस ली है, वहीं दूसरी ओर पूरे प्रदेश में घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।
इस क्रम में सुपौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सह बिहार नगर सेवा संघ के महासचिव अरविंद कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री एवं वरीय अधिकारियों को पत्र भेजकर घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मुख्य अभियुक्त के एनकाउंटर पर धन्यवाद जताया, लेकिन साथ ही शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग दोहराई।
अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरह अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर एक वरिष्ठ अधिकारी की हत्या की, वह कानून-व्यवस्था और अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य कांड में शामिल सभी अपराधियों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा सुनिश्चित की जाए तथा नगर निकाय के अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
इधर, इस घटना को लेकर बुधवार को सुपौल नगर सभागार में मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान सभी पार्षदों, कर्मियों एवं उपस्थित लोगों ने मृतक अधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सभा में मौजूद लोगों की आंखें नम दिखीं और सभी ने इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सभा में मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो राज्यभर के नगर निकाय कर्मी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस घटना को लेकर नगर सेवा संघ सहित विभिन्न संगठनों में अब भी गहरा रोष व्याप्त है और सभी ने एक स्वर में न्याय, सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Byte:- अरविंद कुमार सिंह (कार्यपालक पदाधिकारी) नगर परिषद सुपौल सह महासचिव नगर सेवा संघ बिहार।
Byte :- राघवेंद्र झा ( मुख्य पार्षद) नगर परिषद सुपौल।




