रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना के कपसिया चौक के पास बजरंगबली मंदिर से सटे दक्षिण तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया। जिसके बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसी बाइक पर सवार उसका सगा भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बिस्फी प्रखंड के सिमरी गेनौर गांव निवासी राम प्रकाश दास का पुत्र पंकज दास (27) वर्ष के रूप में हुई है। वहीं जख्मी युवक मृतक का सगा भाई राकेश दास (45) वर्ष बताये जा रहे हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दरभंगा जयनगर एनएच-527 बी जाम कर दिया। घटना सोमवार को दिन के करीब 12 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। घटना के बाद हाइवा लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोग और राहगीरों ने बाइक से खदेड़कर रहिका पोखरौनी मोड़ के पास पकड़कर अरेर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही अरेर और कलुआही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक एक बाइक पर अपने भाई राकेश के साथ सवार होकर कलुआही थाना के कालिकापुर स्थित उसके ससुराल से वापस अपने घर लौट रहा था। जिसे मिट्टी लेकर जा रहे हाइवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक उछलकर असंतुलित होते हुए पीछे की ओर मुड़ गई। इसी दौरान हाइवा ने उसे बुरी तरह कुचल दिया। बताया जा रहा है कि हाइवा भारत माला परियोजना के तहत बन रही एनएच सड़क में मिट्टी भरने के कार्य में लगा था। जबकि सड़क निर्माण वास्ते मिट्टी भराई के लिए दिन में हाइवा का प्रयोग नही किया जाना था। स्थानीय लोगों ने इसको लेकर प्रशासन से शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद दिन में ही धड़ल्ले से हाइवा का परिचालन किया जा रहा था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया में काफी देर तक जुट गई। लेकिन मृतक के परिजन और आक्रोशित लोग अड़ गए। जख्मी को अरेर पुलिस व स्थानीय लोगों लोगों मदद से एम्बुलेंस बुलवाकर रहिका पीएचसी भेज दिया गया। उधर मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंच गये। मृतक की पत्नी शांति देवी दहाड़े मार-मारकर रोने विलखने लगीं। अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि मृतक छह भाईयों में दूसरा था और उसे 1 पुत्र और 1 पुत्री सहित दो संतान है। उधर काफी देर तक एनएच जाम रहने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई। सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कई वाहन चालक बाइपास रास्ते की तलाश करते दिखे। इसी बीच जयनगर एसडीपीओ राघव दयाल और बेनीपट्टी सर्किल पुलिस इंस्पेकर नीरज कुमार वर्मा भी घटना स्थल पर पहुंच आक्रोशित जामकर्ताओं से वार्ता शुरू की। जहां काफी मशक्कत के बाद मृतक के परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समझा बुझाकर शाम 4 बजे के आस-पास जाम खोलवाया जा सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल मधुबनी भेजा जा सका सका और यातायात सुचारू हो सका।




