रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। देवधा थाना पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को रविवार को यह गुप्त सूचना मिली थी कि पड़ोसी देश नेपाल से दो तस्कर एक कार में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर मधुबनी पुलिस और एसटीएफ की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तस्करों को दबोचने के लिए थाना क्षेत्र के मिश्रीलाल चौक पर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध चार पहिया वाहन को रुकने का इशारा किया गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसके भीतर से 1 किलो 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र बलडीहा गांव निवासी मोo कमरुल, देवधा थाना क्षेत्र निवासी उसराही निवासी मोo सद्दाम के रूप में हुई। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह पूरा सिंडिकेट कोलकाता से संचालित हो रहा है। इन तस्करों ने अपने काले कारोबार की शुरुआत समस्तीपुर से की थी, लेकिन धीरे-धीरे इन्होंने अन्य राज्यों के तस्करों से संपर्क साध कर एक बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस ने इस सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों की पहचान कर ली है। यह लोग न केवल तस्करी कर रहे थे, बल्कि इससे अवैध संपत्ति भी अर्जित कर रहे थे। पुलिस अब इन तस्करों द्वारा अपराध की कमाई से बनाई गई संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई करेगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नेपाल से ब्राउन शुगर की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और स्थानीय स्तर पर इनके कौन-कौन से एजेंट सक्रिय हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि सुखे नशे के इस कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस बड़ी कामयाबी से मधुबनी में सक्रिय मादक पदार्थ माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है।




