रिपोर्टर राजीवरंजन।
मधेपुरा में संदिग्ध हालत में युवती की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप मधेपुरा जिला मुख्यालय के वार्ड संख्या 4 में रविवार को एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में भाड़े के कमरे में फंदे से लटका मिला,
जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुपौल जिले के झोकायर निवासी मकसूदन यादव की पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई है। वह मधेपुरा में रहकर जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था, जबकि अंदर युवती का पैर जमीन से सटा हुआ था। इस स्थिति को देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है।परिजनों ने यह भी बताया कि रूबी कुमारी सुपौल के ही अमित कुमार नाम के युवक से बातचीत करती थी। दोनों के बीच शादी तय हो चुकी थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।इधर, मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के अन्य सदस्य भी न्याय की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है और हर पहलू से छानबीन की जा रही है।



