रिपोर्ट – अरविंद कुमार!
समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक लूटकांड का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर न केवल लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनके पास से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:00 बजे उत्कर्ष फाइनेंस बैंक, अलौली के कर्मचारी सन्नी कुमार सुखासन गांव में एक मीटिंग खत्म कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोककर पिस्टल का भय दिखाया और उनसे बैग, मोबाइल, टैब, घड़ी, नेकबैंड, पावर बैंक और नगदी लूट ली थी। इस संबंध में बिथान थाना में कांड संख्या 52/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसडीपीओ रोसड़ा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई:
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) समस्तीपुर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), रोसड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान गुड्डू कुमार (सुखासन) और रौशन कुमार (पुसहो) के रूप में हुई है। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद किया है। साथ ही लूटा गया मोबाइल, टैब, बैग, घड़ी, नेकबैंड, पावर बैंक और ₹3400/- नगद भी बरामद कर लिया गया है।
टीम में शामिल सदस्य:
इस सफल कार्रवाई में बिथान के प्रभारी थानाध्यक्ष पु०अ०नि० शेखर सुमन, परि०पु०अ०नि० सन्नी कुमार, स०अ०नि० राकेश कुमार, मुकेश कुमार, सिपाही इंद्र कुमार, ऋषिकेश कुमार और बेबी कुमारी शामिल थीं।




