पराली जलाने को लेकर हुई विवाद‌ मे लापता युवक का शव बरामद हत्या की आशंका!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

जहानाबाद
जिले में तीन दिन से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। उनका शव परस बीघा थाना क्षेत्र के बदलू बीघा गांव के बधार से शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों के अनुसार, अरुण कुमार का गांव के ही एक व्यक्ति से गेहूं की पलारी जलाने को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद से वह अचानक लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
शुक्रवार सुबह गांव के लोग जब खेत की ओर गए, तो बधार में एक शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह अरुण कुमार का निकला। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिस व्यक्ति से अरुण का विवाद हुआ था, उसी ने उनकी हत्या की है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अपराजित लोहान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। उन्होंने अधिकारियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की मदद ली गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Join us on: