बेगूसराय- डीएम की अध्यक्षता में भारत की जनगणना के सफल संचालन को लेकर अहम बैठक!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 18.04.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में भारत की जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी चार्ज पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्व-गणना (Self Enumeration) को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रगणकों तथा कार्यालय कर्मियों का स्व-गणना अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जाए। इस कार्य की नियमित समीक्षा का निदेश अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी को दी गई।
भारत का जनगणना 2027 के सफल एवं त्रुटिरहित संपादन हेतु पुनः प्रशिक्षण करवाने का भी निदेश जिला पदाधिकारी द्वारा सभी चार्ज पदाधिकारियों को दिया गया।

शिक्षकों की जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्ति के संबंध में उन्होंने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी विद्यालय से सभी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति एक साथ नहीं की जाए, ताकि शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
सभी ग्रामीण एवं शहरी चार्ज अधिकारियों को जिलाधिकारी – सह -प्रधान जनगणना अधिकारी के द्वारा निर्देशित किया गया कि CMMS पोर्टल से सभी मकानसूचीकरण ब्लॉक के फ्रीजिंग करने के पश्चात HLBC पोर्टल के माध्यम से सभी मकानसूचीकरण ब्लॉक का जियो टैगिंग एवं डीमार्केशन दिनांक 21 /04 /2026 तक अनिवार्य रूप से कर लें ताकि 02 मई से निर्बाध रूप से जनगणना के प्रथम चरण मकानसूचीकरण का कार्य आरम्भ हो सके।
उल्लेखनीय है कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की व्यवस्था की गई है, जिसके अंतर्गत जिलेवासी 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके पश्चात प्रथम चरण में 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना करेंगे। द्वितीय चरण के अंतर्गत 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि 01 मार्च 2027 की मध्यरात्रि (00:00 बजे) को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है।

जनगणना कार्यों के अनुश्रवण एवं समन्वय हेतु जिला स्तर पर District Level Census Coordination Committee (DLCCC) का गठन किया गया है। जिले में कुल 24 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 18 ग्रामीण एवं 06 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। इस कार्य के लिए 02 मास्टर ट्रेनर, 114 फील्ड ट्रेनर, 1054 पर्यवेक्षक तथा 6749 प्रगणक नामित किए गए हैं। जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, जबकि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 13 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक चार्ज स्तर पर संचालित किया जा रहा है।

स्व-गणना हेतु नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके पश्चात परिवार के मुखिया के नाम से मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर ओटीपी द्वारा सत्यापन किया जाएगा। फिर जिला, गाँव एवं मोहल्ले की जानकारी दर्ज करते हुए मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिह्नित करना होगा। इसके उपरांत सभी आवश्यक प्रश्नों के उत्तर भरकर पूर्वावलोकन के बाद अंतिम रूप से सबमिट करना होगा। स्व-गणना पूर्ण होने के बाद संबंधित प्रगणक द्वारा घर जाकर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।

Join us on: