बेगूसराय- जिलाधिकारी ने विभिन्न तकनीकी विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 को समाहरणालय, बेगूसराय में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में विभिन्न तकनीकी विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, शहरी विकास एजेंसियों सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान ग्रामीण सड़कों एवं पुलों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि बड़ी संख्या में योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि कई योजनाएं प्रगति पर हैं। कुछ योजनाओं में भूमि विवाद, निविदा प्रक्रिया में विलंब, तकनीकी कारणों एवं एजेंसी स्तर की समस्याओं के कारण कार्य प्रभावित पाया गया। जिला पदाधिकारी ने इन बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पथ निर्माण विभाग अंतर्गत विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें।
शहरी क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा के दौरान पेयजल आपूर्ति (AMRUT योजना), सीवरेज नेटवर्क एवं नमामि गंगे परियोजना की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। सीवरेज एवं एसटीपी कार्यों में पूर्व में आई बाधाओं के समाधान के पश्चात कार्य पुनः प्रारंभ होने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, नगर क्षेत्र में सड़क एवं नाला निर्माण, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई परियोजनाओं के पूर्ण होने तथा कुछ के प्रगति पर रहने की जानकारी दी गई। लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अंतर्गत वर्ष 2026 की पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए कटाव निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
लघु सिंचाई योजनाओं की समीक्षा के दौरान नलकूपों की कार्यशीलता, मरम्मत एवं पुनर्संचालन की स्थिति की जानकारी ली गई। बंद पड़े नलकूपों को शीघ्र चालू कराने तथा किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए।
बैठक में सिविल सर्जन बेगूसराय डॉ अशोक कुमार, जिला योजना पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Join us on: